महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद महाराज ने किया कांवड़ प्राथमिक उपचार सेवा शिविर का शुभारंभ

हरिद्वार। संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट द्वारा उत्तराखंड संस्कृति विश्वविद्यालय के समीप प्रागड़ नहर पटरी पर आयोजित कांवड़ प्राथमिक उपचार सेवा शिविर का शुभारंभ ट्रस्ट के संरक्षक, अवधूत मंडल आश्रम बाबा हीरादास हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर परमपूज्य स्वामी डॉ. संतोषानंद महाराज ने फीता काटकर किया। शुभारंभ अवसर पर महाराज ने कांवड़ियों का चंदन तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और सेवा कार्य को धर्म का सर्वोच्च स्वरूप बताया।
कार्यक्रम में दिल्ली यू.पी. बॉर्डर कांवड़ सेवा समिति के संरक्षक गोपाल चंद्र मित्तल, ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती रंजीता झा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, सचिव तरुण कुमार शुक्ल, सहसचिव हरिनारायण त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष सुधा राठौर, सहकोषाध्यक्ष संगीता बंसल, मंत्री माया देवी, शिविर संयोजक सचिन चौधरी, वरिष्ठ सदस्य श्याम चरण शुक्ल, अंशुल देव, आशा मंडल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान गोपाल चंद्र मित्तल एवं मनोज द्विवेदी ने महाराज को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती रंजीता झा एवं ट्रस्ट की मातृशक्ति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा किसी भी रूप में की जा सकती है—तन, मन और धन से। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा अत्यंत पुण्य का कार्य है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार इस पुनीत कार्य में सहभागी बनना चाहिए।


इस दौरान रानीपुर विधानसभा के विधायक आदेश चौहान भी शिविर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों का चंदन तिलक और माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा प्रथम दिवस की सेवा में सहभागिता निभाई। विधायक ने संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि संस्था सदैव सामाजिक कार्यों में अग्रणी रही है। श्रावण मास में हजारों शिवभक्तों के लिए प्राथमिक उपचार एवं सेवा उपलब्ध कराना मानवता की सच्ची सेवा है। इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव तरुण कुमार शुक्ल एवं सहसचिव हरिनारायण त्रिपाठी ने विधायक का सम्मान किया।
शिविर के प्रथम दिवस में मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह, संजय कुमार, जितेंद्र शुक्ल, संतोष झा एवं रोहित मिश्रा ने सेवा कार्य में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के सचिव तरुण कुमार शुक्ल ने सभी अतिथियों, दिल्ली यू.पी. बॉर्डर कांवड़ सेवा समिति एवं संकल्प सेवा परमोधर्म ट्रस्ट की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!