हरिद्वार। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ऊर्जा निगम द्वारा शुक्रवार को आयोजित विशेष जनसुनवाई शिविर में 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। खास बात यह रही कि स्मार्ट मीटर को लेकर विभिन्न स्तरों पर चल रही चर्चाओं के बावजूद शिविर में इस संबंध में केवल एक शिकायत दर्ज हुई, जिसका भी तत्काल समाधान कर दिया गया।
मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी की अध्यक्षता में फाउंड्री गेट स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय, ज्वालापुर में आयोजित शिविर में उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। शिविर में स्मार्ट मीटर, बिजली बिलों में त्रुटि, लाइन शिफ्टिंग समेत अन्य तकनीकी एवं उपभोक्ता सेवाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। मुख्य अभियंता ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप सभी 18 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान उन्होंने विभागीय कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं और कार्यालय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, उपभोक्ताओं के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा सेवा गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई शिविर में अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार, अधिशासी अभियंता सिराज उस्मान, उपखंड अधिकारी रुपेश कुमार, शिल्पी सैनी, अर्चना, अक्षय कपिल सहित विभाग के सभी अवर अभियंता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
