सामाजिक सुधार व युवा जागरूकता पर रहनुमाए इंसाफ कमेटी की बैठक आयोजित

हरिद्वार। ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक सुधार, युवाओं को जागरूक करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से रहनुमाए इंसाफ कमेटी सिकरोड़ा द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नशामुक्ति अभियान, युवाओं के लिए रोजगार योजनाओं की जानकारी, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक एकता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता युशुफ राणा और राव फ़राज़ खान ने की।

शुक्रवार को ग्राम सिकरोड़ा स्थित रहनुमाए इंसाफ कमेटी के कार्यालय में आयोजित बैठक में कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान समाज के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हुए भविष्य की कार्ययोजना भी तैयार की गई। कमेटी के अध्यक्ष राव अफजाल और अथर शाह ने कहा कि समाज के विकास के लिए युवाओं को सही दिशा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इसके लिए परिवार, समाज और सामाजिक संगठनों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने होंगे, ताकि युवा शिक्षा, खेल और रोजगार की ओर अग्रसर हो सकें।

फरमान अली और शाहनवाज़ मिर्ज़ा ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी गांव के युवाओं तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कई युवा जानकारी के अभाव में योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। कमेटी ऐसे युवाओं को मार्गदर्शन देने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करेगी। राव अरसलान और शब्बू ने कहा कि सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए समाज में आपसी भाईचारा, शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि कमेटी भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक करने का कार्य जारी रखेगी। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने सामाजिक एकता को मजबूत करने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने तथा युवाओं को समाजहित के कार्यों से जोड़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राव फहीम, राव अमश, राव अयान सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!