हरिद्वार। भूपतवाला स्थित जसबिंदर सिंह एन्क्लेव फेज-01 में सार्वजनिक नाली के अवरुद्ध होने से कॉलोनीवासियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नाली का गंदा पानी सड़कों पर जमा होने से पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बन गया है। हालात से परेशान लोगों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।

सौंपे गए ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में दो स्थानों पर सार्वजनिक नाली का प्रवाह बाधित कर दिया गया है, जिससे गंदा और मलिन जल सड़कों पर फैल रहा है। जलभराव के कारण आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं घरों और आश्रमों तक पहुंचना भी कठिन हो गया है। लगातार जमा हो रहे गंदे पानी से क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से बनी इस समस्या के चलते कॉलोनी का वातावरण अस्वास्थ्यकर हो चुका है। बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नाली से अवरोध हटाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।

