वाहन दुर्घटना में एक की मौत, घायल को एसडीआरएफ ने गहरी खाई से किया रेस्क्यू

टिहरी। जनपद के घनसाली के दो अलग-अलग क्षेत्रों से वाहन दुर्घटना के मामले सामने आए है। जिसमे एक दुर्घटना में वाहन के खाई में गिरने से 55 वर्षीय चालक की मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एसडीआरएफ की टीम द्वारा दोनों घटनाओं में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए मृतक के शव को खाई से बाहर निकाला गया तथा घायल व्यक्ति को भी सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार शनिवार की रात्रि को एसडीआरएफ को जनपद टिहरी के थाना घनसाली पुलिस द्वारा सूचना दी गई कि बढ़ियार गाँव के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल हेतु रवाना हुई। मौके पर पहुँचने पर पाया गया कि एक कार लगभग 50–60 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में एक ही व्यक्ति सवार था, जिसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। टीम ने गहरी खाई से शव को निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुँचाया व आवश्यक कार्यवाही हेतु स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया। मृतक की पहचान बेलप सिंह गुसाईं (55) पुत्र शिवराम गुसाई निवासी टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई।

दूसरी घटना में शनिवार की देर रात्रि को एसडीआरएफ को जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सूचना मिली कि पिलखी-बनजोरी घनसाली के निकट एक इको कार लगभग 500 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम द्वारा गहरी खाई में रेस्क्यू हेतु अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अभियान संचालित किया गया। जिसमें वाहन में सवार एकमात्र व्यक्ति धर्मानंद सेमवाल (55) निवासी ग्राम जमोलना, टिहरी गढ़वाल को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित रेस्क्यू कर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!