रूड़की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस द्वारा थाना परिसर में क्षेत्र के सभी ग्राम चौकीदारों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर रितेश शाह ने की, जिसमें कुल 38 ग्राम चौकीदार उपस्थित रहे।

प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने चौकीदारों से क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें विभिन्न आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे जमीनी विवाद, गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी, हत्या व बलवा से जुड़ी रंजिशों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में जातीय और सांप्रदायिक तनाव की सूचनाएं तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि उपयोगी सूचना देने वाले चौकीदारों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पद से हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
