अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग कांड में शामिल बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, तमंचा व लूटा गया मोबाइल बरामद

हरिद्वार। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के कब्जे से पुलिस को अवैध तमंचा, कारतूस और हाल ही में अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वही, फरार आरोपी की तलाश में पूरी रात जंगल और आसपास के इलाकों में कांबिंग अभियान चलाती रही।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात बुग्गावाला थाना प्रभारी अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर से क्षेत्र में जोनल चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बंजारावाला मार्ग पर दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घायल बदमाश को कब्जे में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस घायल बदमाश का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस द्वारा घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी देहात भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीमा से लगे इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!