हरिद्वार। डायपर व सैनिटरी पैड के कारोबार में सीएसए नियुक्त कराने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ज्वालापुर क्षेत्र के एक व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने गुजरात की एक कंपनी के चेयरमैन, एमडी, सीईओ समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिलोक कॉलोनी फेज-दो निवासी रोहित कंसल ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात राजेश कुमार चौरसिया के माध्यम से राजकोट की एचआर हाईजीन प्रोडक्ट लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों से हुई थी। कंपनी प्रतिनिधियों ने उन्हें उत्तराखंड का कंसाइनी सेल्स एजेंट बनाने का प्रस्ताव दिया और गोदाम किराया, कर्मचारियों के वेतन समेत हर माह 10 लाख रुपये की बिक्री का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उनसे 15 लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा कराया गया। आरोप है कि बाद में कंपनी ने लाखों रुपये का माल भेजा, जिसे उन्होंने बाजार में वितरित कराया। बिक्री से प्राप्त चार लाख रुपये भी कंपनी के खाते में जमा करा दिए गए, लेकिन गोदाम किराया, कमीशन और अन्य देय भुगतान नहीं किए गए। पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद उन्हें बिना सूचना सीएसए पद से हटा दिया गया और शेष माल दूसरे एजेंट को भिजवा दिया गया। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। रुपये मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
