हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

सोमवार को रोशनाबाद स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता कर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या के मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला के मृतक के साथ संबंध थे और मृतक उस पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। इसी को लेकर महिला ने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद दंपती ने हत्या की साजिश रची।एसएसपी ने बताया कि 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। शव के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों की पुलिस से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बिजनौर निवासी 50 वर्षीय गोपाल के रूप में की।मृतक के बेटे की तहरीर पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी महिला से जान-पहचान
पुलिस के अनुसार नरेंद्र का इस वर्ष फेफड़ों में पानी भरने के कारण मेरठ के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान गोपाल की नरेंद्र की पत्नी से जान-पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध बन गए। पुलिस के मुताबिक गोपाल महिला पर पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला के लगातार मना करने के बावजूद वह उसे कॉल कर दबाव डालता रहा।
पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के दौरान महिला बिजनौर में गोपाल से मिलने पहुंची थी, जहां नरेंद्र ने दोनों को देख लिया था। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। महिला ने अपने पति को गोपाल की ओर से परेशान किए जाने की जानकारी दी। इसके बाद नरेंद्र ने अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
महिला ने मिलने के बहाने हरिद्वार बुलाया
पुलिस के मुताबिक योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को मिलने के लिए हरिद्वार बुलाया। रात में वह उसे गंगा घाट पर लेकर गई। गोपाल के शराब पीकर खाना खाने के बाद सो जाने पर पहले से घात लगाए बैठे नरेंद्र और अन्य लोगों ने उस पर चापड़ और छुरी से हमला कर दिया। हमले में गोपाल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन और पर्स गंगा में फेंककर वहां से फरार हो गए।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद किया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नरेंद्र पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम मोमिनपुर दर्गो भारेरा, कोतवाली बिजनौर, उम्र 40 वर्ष।
नरेंद्र की पत्नी, उम्र 36 वर्ष।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंद किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, नवीन नेगी, खेमेंद्र गंगवार, अंशुल अग्रवाल, अपर उपनिरीक्षक संदीप वर्मा, हेड कांस्टेबल संजय कुमार पाल, सतीश नौटियाल, कांस्टेबल अजीत तोमर, निर्मल, राकेश कुमार, पवन और महिला कांस्टेबल शोभा शामिल रहे। वहीं सीआईयू प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने सहयोग किया।
