हरिद्वार। ऊर्जा निगम ने बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ज्वालापुर क्षेत्र में विशेष वसूली अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ अर्चना के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए।

अभियान के तहत ज्वालापुर क्षेत्र के अहबाबनगर, विष्णुलोक कॉलोनी, धीरवाली, घोसियान और कोटरवान सहित कई मोहल्लों में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 92 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। साथ ही विभाग ने मौके पर ही करीब 6 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की।

अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया है, उनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे समय पर बिजली बिल जमा कर दें, अन्यथा उनके कनेक्शन काटे जाने के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।

अभियान के दौरान जेई मनोज कुमार, जेई मुकेश कुमार, लाइनमैन श्रवण गिरी, संजय चौहान, राव फरमान और अजमल सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
