हरिद्वार। जिले में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। ज्वालापुर क्षेत्र में शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर चलती देहरादून-मसूरी एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री हादसे का शिकार हो गया।ज्वालापुर क्षेत्र में रविवार को भगत सिंह चौक के पास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक व्यक्ति शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान कुणाल (40) पुत्र जय कुमार निवासी घासमंडी, ज्वालापुर के रूप में हुई।वहीं, 15 अगस्त को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर चलती देहरादून-मसूरी एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। जीआरपी थाना प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को मोर्चरी भिजवाया। प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। रविवार को उसकी पहचान श्याम सिंह (55) निवासी दुरयाई, गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वह गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में सुपरवाइजर थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वही दूसरी और
हरिद्वार। रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में मूर्ति के समीप रविवार को करीब 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।तलाशी के दौरान युवक के पास से एक सिम कार्ड और दो सिक्के मिले। पुलिस ने सिम को चालू कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन जांच में पता चला कि जिस मोबाइल फोन में यह सिम इस्तेमाल होता था, वह काफी समय पहले चोरी हो चुका है।मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उसके दाहिने हाथ पर ‘मां-डेड’ और ‘गौतम’ गुदा हुआ है। जीआरपी ने आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

