हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के पीली पड़ाव में शनिवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने रुड़की के एक बड़े संस्थान से रिटायर प्रोफेसर के घर धावा बोल दिया। चार नकाबपोश बदमाश दंपती को बंधक बनाकर करीब डेढ़ घंटे तक घर में उत्पात मचाते रहे और नकदी, जेवरात व आईपैड लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हिमालय निवास, पीली पड़ाव निवासी प्रोफेसर आर. शंकर ने तहरीर देकर बताया कि शनिवार तड़के करीब 2:30 बजे चार युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने पहले मुख्य गेट और फिर घर का दरवाजा तोड़ दिया। एक के पास पिस्तौलनुमा हथियार, दूसरे के पास चाकू और तीसरे के हाथ में लोहे का सरिया था।
आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें और उनकी पत्नी को धमकाकर बेडरूम में बंधक बना लिया। इसके बाद पूरे घर की तलाशी ली और करीब 25-26 हजार रुपये की नकदी, एक आईपैड, उनकी पत्नी के सोने के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान समेट लिया। वारदात सुबह करीब चार बजे तक चली, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
