संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी ने किया उप-संभागीय परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण

हरिद्वार। संभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून संदीप सैनी द्वारा उप-संभागीय परिवहन कार्यालय, हरिद्वार का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, रजिस्टरों एवं अभिलेखों की बारीकी से जांच की और व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत तथा पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।

सहायक परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान जैविकीय (बायोमेट्रिक) उपस्थिति प्रणाली, कैश रजिस्टर, सेवा का अधिकार रजिस्टर एवं अवकाश (सी.एल.) रजिस्टर की गहन समीक्षा की गई। सभी कर्मचारियों को समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने और रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

आरसी एवं ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कवर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। कार्यालय शहर से कुछ दूरी पर स्थित होने को ध्यान में रखते हुए मार्ग में स्पष्ट दिशा-निर्देशक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन को कार्यालय तक पहुंचने में किसी प्रकार की समस्या न हो।

इसके साथ ही डीएल सेक्शन, टीआर सेक्शन, एनफोर्समेंट सेक्शन और न्यू रजिस्ट्रेशन सेक्शन का भी निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। नीलामी प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

कार्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर बल दिया गया। साथ ही पुराने अभिलेखों के निस्तारण के लिए चल रही “वीडिंग आउट” प्रक्रिया को तेज करने और लंबित फाइलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!