हरिद्वार। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से ऊर्जा विभाग ने विशेष उपभोक्ता जनसुनवाई अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को ज्वालापुर स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालय परिसर में व्यापक शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा।

मुख्य अभियन्ता शेखर चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर में विभाग के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। सुबह 9:30 बजे से शुरू होने वाले शिविर में बिजली बिलों में त्रुटि, मीटर संबंधी शिकायतें, कम या अधिक वोल्टेज की समस्या, नए विद्युत कनेक्शन, लाइन शिफ्टिंग तथा अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई कर उनका निस्तारण किया जाएगा।

मुख्य अभियन्ता शेखर चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

अधिशासी अभियन्ता रवि कुमार ने बताया कि विभाग और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से न केवल शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी, बल्कि विभाग के प्रति उपभोक्ताओं का विश्वास भी और मजबूत होगा।
