हरिद्वार। टेस्ट प्रिपरेटरी सेवाओं की अग्रणी संस्था आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (एईएसएल) ने भारतीय सेना के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य सेवारत, सेवानिवृत्त सैनिकों, वीरता पुरस्कार विजेताओं, दिव्यांग कर्मियों तथा शहीदों के परिवारों के बच्चों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना है।
एमओयू के तहत एईएसएल देशभर के अपने सभी केंद्रों पर सेना से जुड़े विद्यार्थियों को विशेष रियायतें देगा। शहीद सैनिकों के बच्चों को केवल रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, जबकि शेष सभी फीस पूरी तरह माफ होगी। 20 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग कर्मियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं के बच्चों को 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट तथा सेवारत व सेवानिवृत्त कर्मियों के बच्चों को 20 प्रतिशत ट्यूशन फीस में रियायत दी जाएगी।
एईएसएल के एमडी एवं सीईओ चंद्र शेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि यह पहल सैनिकों के बलिदान के सम्मान के साथ उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को मेंटरिंग और काउंसलिंग की सुविधा भी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि एईएसएल हाल ही में सीआरपीएफ फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के साथ भी इसी तरह का एमओयू कर चुका है।
