हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर सिडकुल थाना पुलिस ने PIT-NDPS एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर अनित पाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ गृह विभाग उत्तराखंड द्वारा जारी निरुद्ध आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी सिडकुल को निर्देशित किया गया था। इसी क्रम में थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हिस्ट्रीशीटर अनित पाल पुत्र गिरधारी लाल निवासी ग्राम मानकपुर आदमपुर, थाना झबरेड़ा, हरिद्वार (हाल पता गणपति विहार, रावली महदूद) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सचिव गृह उत्तराखंड के द्वारा जारी आदेश के तहत यह कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने आरोपी को उक्त आदेश से अवगत कराते हुए शनिवार को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस टीम में:
थाना प्रभारी अजय शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक विकास रावत और हेड कांस्टेबल मुजफ्फर बेग शामिल रहे।
