हरिद्वार। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ज्वालापुर क्षेत्र में विद्युत विभाग ने बिजली चोरी के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ अर्चना के नेतृत्व में तड़के सुबह उपखंड (द्वितीय) क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया, जिसमें कई स्थानों पर विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए। विभाग की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

शुक्रवार तड़के विद्युत विभाग ने ज्वालापुर के मौहल्ला अहबाबनगर, मैदानियान व घोसियान आदि इलाकों में एसडीओ अर्चना नेतृत्व में विशेष कार्रवाई अभियान चलाया गया। अभियान में जेई मुकेश रवि, राव शाहबाज, मयंक चौहान, राम कुमार व मनोज टॉक भी शामिल रहे। टीम ने इस दौरान कई घरों में अवैध रूप से बिजली चोरी होते हुए पकड़ा। जिसके बाद सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही लंबे समय से विद्युत बिल जमा न करने वाले बकायदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए, जिससे बकाया वसूली को लेकर विभाग की सख्ती साफ दिखाई दी। वहीं, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे ईमानदार उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है। विभाग का यह अभियान इसी असंतुलन को दूर करने और सभी उपभोक्ताओं को समान व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वें समय पर विद्युत बिल जमा करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि विद्युत चोरी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। इस दौरान लाइनमेन श्रवण गिरी, मोबिन हसन, फरमान राव, संजय चौहान, सुशील कुमार, वीरेंद्र, अजहर आदि मौजूद रहे।
ज्वालापुर में सीमित इलाकों तक सिमटी बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध ऊर्जा विभाग द्वारा चलाया जा रहा अभियान कुछ गिने-चुने मोहल्लों तक ही सीमित दिखाई दे रहा है। जिस कारण यह प्रतीत होता है कि विभाग द्वारा केवल इन्ही मोहल्लों को चिन्हित किया गया है बाकि इलाकों में चल रही बिजली चोरी को छूट दे दी गई है। वहीं, विभाग की कार्रवाई केवल चुनिंदा इलाकों में होने से व्यापक स्तर पर बिजली चोरी पर भी प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एकतरफा कार्रवाई के कारण अन्य क्षेत्रों में चोरी का सिलसिला जारी है। शहरवासियों ने विभाग से मांग की है कि कार्रवाई को सभी मोहल्लों में समान रूप से चलाया जाए, ताकि बिजली चोरी पर पूरी तरह रोक लग सके।
