कनखल में एक और सड़क हादसा, सगाई से लौट रहे ज्वालापुर के व्यापारी की मौत, पत्नी समेत 4 घायल

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक और भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ज्वालापुर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत चार परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार एक सगाई समारोह से लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार लोडर ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस ने फरार लोडर चालक की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर के पीठ बाजार निवासी बिजेंद्र चौहान (60) अपने परिवार के साथ फेरूपुर स्थित निर्भया फार्म हाउस में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शाम करीब सात बजे वे अपनी कार से परिवार के सदस्यों के साथ घर लौट रहे थे। जगजीतपुर स्थित मैंगो फार्म के पास जैसे ही उनकी कार पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर ही हुई व्यापारी की मौत

हादसे में कार चला रहे बिजेंद्र चौहान को सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार उनकी पत्नी कमलेश, आभा, सतीश और 10 वर्षीय बालक निकुंज भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोडर चालक मौका पाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर जाम लगने और चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने तुरंत सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बिजेंद्र चौहान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

कनखल थाना पुलिस को सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहगीरों की मदद से यातायात सुचारू कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष मनोहर रावत ने बताया कि मृतक बिजेंद्र चौहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि लोडर और कार दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!