बहादराबाद। थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि उसकी पहचान गांव निवासी सत्यम शर्मा से करीब तीन साल पहले हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती रही और बाद में प्रेम संबंध हो गए। कुछ समय तक परिवारों को जानकारी होने के कारण बातचीत बंद रही, लेकिन मार्च 2026 में दोनों के बीच फिर संपर्क शुरू हो गया। आरोप है कि 6 अप्रैल को युवक उसे पतंजलि क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गया, जहां शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि 28 अप्रैल को दोनों परिवारों के बीच रिश्ते को लेकर चर्चा भी हुई थी और युवक ने शादी के लिए सहमति जताई थी। इसके बाद युवक ने दूरी बनानी शुरू कर दी और अब शादी से साफ इनकार कर रहा है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
