हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक नामी स्कूल के तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता उसी स्कूल की छात्रा है, जहां आरोपी कोच छात्र-छात्राओं को तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता था। आरोपी ने पीड़िता को कई महीने तक डरा कर रखा। वहीं, अब पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कनखल क्षेत्र के एक नामी स्कूल की छात्राओं को एक कोच तीरंदाजी सिखाता है। कनखल की एक छात्रा भी उससे तीरंदाजी सीख रही थी। आरोप है कि बीते अक्टूबर माह में छात्रा को डरा-धमकाते हुए कोच ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को इस बारे में बताने पर धमकी दी गई। जिससे छात्रा इतने समय तक चुप रही। अब छात्रा ने अपने परिजनों को अपने साथ हुई घटना बताई। छात्रा के पिता ने कनखल थाने में तहरीर देकर आरोपी कोच पवन निवासी जगजीतपुर, कनखल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया गया है कि आरोपी मूलरूप से हरियाणा का रहने वाला है। वहीं, इंस्पेक्टर कनखल देवेंद्र रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


