एसएसपी ने किया पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

हरिद्वार। जिले के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रविवार को सवेरे रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण किया। कार्यभार संभालने के बाद एसएसपी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।

एसएसपी ने पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने वहां की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पूरे पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान कप्तान ने पुलिस कर्मचारियों के रहने वाले बैरक का भी बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने वहां साफ-सफाई और कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं को देखा।

परिसर में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए एसएसपी ने प्रतिसार निरीक्षक (RI) को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस लाइन की मर्यादा और अनुशासन में किसी भी तरह की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना और उनके समय पर निस्तारण के आदेश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!