हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर तेलीवाला रोड स्थित पार्किंग क्षेत्र से 14.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार एसएसपी नवनीत सिंह ने ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को सफल बनाने व नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस उपाधीक्षक रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर मणी भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में बुधवार को क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर तेलीवाला रोड की ओर स्थित पार्किंग के पास एक युवक को रोका। तलाशी लेने पर टीम को उसके कब्जे से 14.81 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम कदीम पुत्र स्वर्गीय प्रवेज, निवासी ग्राम पाड़ली गुर्जर, थाना कोतवाली गंगनहर बताया। कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मणी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल अरविन्द, हेड कांस्टेबल इसरार एवं हेड कांस्टेबल ज्ञानचन्द्र शामिल रहे।
