होटल के कमरे में शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे युवकों को रोकना पड़ा भारी, कर्मचारी को पीट किया घायल

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर मोड़ स्थित एक होटल में कमरे के भीतर शराब के नशे में हुड़दंग मचा रहे युवकों को रोकने पर होटल कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के रानीपुर मोड़ स्थित होटल गेटवे गंगा में 17 फ़रवरी को निखिल पुत्र चुन्नीलाल निवासी गली नंबर 1, पीठ बाजार ज्वालापुर ने कमरा बुक कराया था। उसके साथ 4-5 अन्य युवक भी कमरे में ठहरे हुए थे। आरोप है कि सभी युवक कमरे के भीतर शराब के नशे में गाली-गलौज और हुड़दंग कर रहे थे। जिस कारण होटल में रह रहे अन्य मेहमानों की असुविधा को देखते हुए होटल कर्मचारी अंकित कुमार पुत्र सुरेश पाल सिंह, मूल निवासी नगला पिथौरा (मुजफ्फरनगर), हाल निवासी होटल गेटवे गंगा, रानीपुर मोड़ ज्वालापुर द्वारा कई बार युवकों को समझाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि समझाने पर युवक भड़क गए और अंकित कुमार को कमरे के अंदर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में पीड़ित के सिर, नाक और हाथ में पहने कड़े से गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। वहीं, ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!