वीडियो: मामूली विवाद के चलते दो पक्षो में टकराव, जमकर हुई पत्थरबाज़ी, चले लाठी-डंडे

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घोसियान में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते पूरा इलाका जंग के मैदान में बदल गया। दोनों गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे और पथराव हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में एक पक्ष के व्यक्ति के सिर पर डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की भी बात सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहल्ला घोसियान में रहने वाले बाबू गुर्जर और सरफराज के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। आरोप है कि बात बढ़ती देख बाबू गुर्जर के भतीजे ने सरफराज के पिता दिलशाद के सिर पर डंडा मार दिया। सिर फटने और खून बहता देख सरफराज पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद दोनों तरफ से जमकर पथराव और मारपीट शुरू हो गई। जिसकी वीडियो भी सामने आई है।

हंगामे की सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से मारपीट कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है और उन्हें कोतवाली ले आई है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा विवाद न हो।

वहीं, ज्वालापुर कोतवाली वरिष्ठ उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार ने बताया कि बाबू गुर्जर और सोराब को हिरासत में लिया गया है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!