हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के रविदास चौक पर दुकान और प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजे के बीच हुए विवाद में पुलिस ने दोनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार को सूचना मिली कि रविदास चौक ज्वालापुर के पास दो पक्षों के बीच आपसी कहासुनी के बाद मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही चेतक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि हरीश तनेजा (57) निवासी बसंत विहार, रेलवे फाटक के सामने ज्वालापुर और आशीष तनेजा (35) निवासी टी-82 शिवालिक नगर, थाना रानीपुर आपस में चाचा-भतीजा हैं। दोनों के बीच काफी समय से दुकान और प्रॉपर्टी के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते रविवार को दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस टीम में कांस्टेबल राजेश बिष्ट और कांस्टेबल रविंद्र चौहान शामिल रहे।
