क्रिकेट फ्रेंचाइजी में 25 फीसदी हिस्सेदारी का झांसा, कनाडाई नागरिक से 10 लाख दिरहम की धोखाधड़ी

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में क्रिकेट फ्रेंचाइजी में 25 फीसदी हिस्सेदारी दिलाने का झांसा देकर कनाडाई नागरिक से करीब 10 लाख यूएई दिरहम की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित वर्तमान में दुबई में रहता है। शिकायत के आधार पर कनखल पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, दुबई निवासी कनाडाई नागरिक हेमंत शर्मा ने मनीष भट्ट, अभिनव यादव और ऋतिक बजाज समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। पीड़ित के मुताबिक उसकी मुलाकात आरोपियों से क्रिकेट लीग से जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियों के दौरान हुई थी।आरोप है कि मनीष भट्ट ने खुद को क्रिकेट जगत में प्रभावशाली बताते हुए अबू धाबी टी-10 टूर्नामेंट की नॉर्थन वॉरियर्स टी-10 फ्रेंचाइजी में 25 फीसदी हिस्सेदारी दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए करीब 10 लाख यूएई दिरहम निवेश करने की बात कही गई।

 

शिकायत के मुताबिक अक्तूबर और नवंबर 2025 के दौरान अलग-अलग माध्यमों से आरोपियों से जुड़े खातों में लाखों रुपये, यूएई दिरहम और यूरो की रकम भेजी गई। इसके अलावा नकद भुगतान भी किया गया। आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए एक एमओयू का ड्राफ्ट भी भेजा, लेकिन बाद में उसका निष्पादन नहीं हुआ।पीड़ित का आरोप है कि रकम लेने के बावजूद उसे फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी नहीं दी गई और न ही धनराशि वापस की गई। शिकायत में मनीष भट्ट के दो अलग-अलग भारतीय पासपोर्टों में जन्मस्थान और जन्मवर्ष अलग-अलग होने का भी उल्लेख किया गया है।पीड़ित ने पुलिस से बैंक लेनदेन, एमओयू और पासपोर्ट दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!