पनियाला कट के पास गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, रोडवेज बस से टक्कर, कई यात्री घायल

हरिद्वार। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के पनियाला कट के पास रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अचानक दिशा बदलने के दौरान पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिलेंडरों से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया और दर्जनों गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे मंगलौर से भगवानपुर की ओर जा रहा गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक (नंबर UP14 KT 4157) पनियाला कट के पास अचानक दिशा बदलने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस (नंबर HR62 GV 9198) ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें लदे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली गंगनहर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सड़क पर बिखरे गैस सिलेंडरों को एकत्रित कर सुरक्षित स्थान पर रखवाया और यातायात व्यवस्था को भी संभाला।

दुर्घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों में नीलम पत्नी रिशिपाल (50 वर्ष) निवासी कैथल हरियाणा, मनीषा पुत्री नित्यानंद (27 वर्ष) निवासी ऋषिकेश देहरादून, श्रीमती दिव्या पत्नी कुलदीप (27 वर्ष) निवासी ऋषिकेश देहरादून, परिधि पुत्री जगदीप सिंह (23 वर्ष) निवासी टिहरी गढ़वाल, संजय कुमार पुत्र राम भगत (49 वर्ष) निवासी हिसार हरियाणा तथा बस कंडक्टर संजय कुमार शामिल हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में स्थिति को सामान्य कर दिया गया। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!