इश्क में पागल युवक का खौफनाक कदम: युवती से विवाद के बाद खुद को मारी गोली, इलाके में सनसनी

हरिद्वार। जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा प्यार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। उत्तरप्रदेश के फैजाबाद से आए एक युवक ने युवती से विवाद के बाद ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, जमालपुर क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाली युवती का अपने ही गांव के युवक से पहले से विवाद चल रहा था। अचानक जमालपुर चौक पर युवक उससे जा टकराया। बताया जा रहा है कि युवक अपने साथ अवैध पिस्टल लेकर आया था। बात बढ़ी तो उसने युवती के साथ मारपीट की, उसका मोबाइल छीन लिया और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। युवक की लोकेशन ट्रैक की गई, जो बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट के पास गैस प्लांट क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम जैसे ही मौके की ओर बढ़ी, उससे पहले ही युवक ने चौंकाने वाला कदम उठा लिया। सूत्रों के अनुसार, युवक ने एक सुनसान जगह पर जाकर बाउंड्री वॉल के पीछे अपनी कनपटी पर पिस्टल सटाई और ट्रिगर दबा दिया। गोली की आवाज से आसपास हड़कंप मच गया। लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ पड़ा था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और हथियार बरामद किया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो हर एंगल से जांच में जुटी है। एसपी सिटी अभय सिंह व सीओ सदर सुरेंद्र बलूनी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस अब हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

Advertisement

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!