हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में आर्थिक परेशानियों और मानसिक दबाव से जूझ रहे एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव रामधाम कॉलोनी स्थित उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

फ़ाइल फोटो।

रविवार को तक्षशिला स्कूल के समीप स्थित कॉलोनी में युवक के आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई, जहां युवक का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान नीरज (18) पुत्र रामपाल निवासी ग्राम अंबेटा रिंगदान, थाना झिंझाना, जिला शामली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज रामधाम कॉलोनी में सैलून का कार्य करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से कामकाज प्रभावित होने के कारण वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। परिजनों के अनुसार, इसी वजह से वह मानसिक रूप से भी परेशान चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!