दिलशाद अंसारी।
पथरी। थाना क्षेत्र के गांव सुभाषगढ़ में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला जब घर स्वामी की नींद खुली और उन्होंने घर का सामान बिखरा देखा।
पीड़ित ललित पराशर ने बताया कि वह रात में अपने बच्चों के साथ पास वाले कमरे में सोए हुए थे। सुबह जब वह दूसरे कमरे में पहुंचे तो वहां अलमारी खुली मिली और कपड़े व सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थी। चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थानाध्यक्ष पथरी रविन्द्र कुमार ने बताया कि सुभाषगढ़ में चोरी की घटना सामने आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
