हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएचईएल क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सक्रियता के चलते क्षेत्र में संभावित बड़ी चोरी की घटना टल गई। आरोपियों के कब्जे से हथौड़ी, सरिया का टुकड़ा, छेनी और प्लास समेत चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि सोमवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एचआरडीसी चौक के पास झाड़ियों की आड़ में तीन संदिग्ध युवक बैठे हैं और उनके पास संदिग्ध औजार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक लोहे की हथौड़ी, सरिया का टुकड़ा, लोहे की छेनी और प्लास बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की योजना बनाकर बीएचईएल क्षेत्र में पहुंचे थे। वे किसी बंद दुकान या घर को निशाना बनाने की फिराक में थे और झाड़ियों में बैठकर वारदात की योजना बना रहे थे।

वहीं, रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। आरोपी आकाश उर्फ पतूडी के खिलाफ हरिद्वार के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सिडकुल थाने में वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में दर्ज मुकदमे तथा ज्वालापुर थाने में वर्ष 2026 का एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी
1. आकाश उर्फ पतूडी (26) निवासी सम्राट मार्केट, रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार।
2. सुमित (19) निवासी गोपालगंज, बिहार, हाल निवासी सम्राट मार्केट, रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार।
3. शिवकुमार उर्फ शिवा (19) निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सम्राट मार्केट रावली महदूद, थाना सिडकुल हरिद्वार।
पुलिस टीम में:-
1. प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी
2. चौकी प्रभारी सुमननगर उपनिरीक्षक पुनीत दनौसी
3. अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल
4. हेड कांस्टेबल जगदेव
5. कांस्टेबल विवेक गुसाईं
6. प्रेम सिंह दानू
7. सर्वजीत सिंह
