हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां गिरवी रखे गए चांदी के आभूषण वापस मांगने पर ज्वैलर्स कारोबारी ने जेवर लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी गुरु कृपा ज्वैलर्स के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पथरी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम नगर निवासी दीपक पुत्र धर्म सिंह ने अदालत में दायर प्रार्थना पत्र में बताया कि आर्थिक तंगी के चलते उसने वर्ष 2022 में ज्वालापुर सर्राफा बाजार स्थित गुरु कृपा ज्वैलर्स के संचालक अवनीश भारद्वाज के पास अपने चांदी के आभूषण गिरवी रखे थे। दीपक के अनुसार, उसने 431 ग्राम चांदी की तगड़ी और 217 ग्राम चांदी के कड़े 10 हजार रुपये में गिरवी रखे थे। इसके बाद 333 ग्राम चांदी की हसली भी 10 हजार रुपये में गिरवी रखी गई। दोनों सौदों पर प्रतिमाह तीन प्रतिशत ब्याज तय हुआ था। आरोप है कि वह लंबे समय तक नियमित रूप से ब्याज चुकाता रहा, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों और पिता की बीमारी के चलते कुछ समय तक भुगतान नहीं कर सका। दीपक का कहना है कि फरवरी 2026 में जब उसने मूलधन और ब्याज की पूरी रकम जुटाकर अपने आभूषण वापस मांगे तो कारोबारी उसे टालता रहा। बाद में दोबारा दुकान पहुंचने पर आरोपी ने जेवर लौटाने से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
