गुड वर्क: गंगा में डूब रहे नौजवान के लिए देवदूत बनी NDRF, रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल

हरिद्वार। सप्तऋषि घाट स्थित ठोकर नंबर-12 पर शुक्रवार को गंगा नदी में डूब रहे एक युवक को 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक को घायल अवस्था में अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3:07 बजे सूचना मिली कि एक युवक गंगा नदी में डूब गया है। सूचना मिलते ही घाट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। टीम फ्लड वाटर रेस्क्यू उपकरणों, मोटर बोट और अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची।

एनडीआरएफ जवानों ने बेहद तेजी और पेशेवर तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाते हुए महज कुछ ही मिनटों में युवक को नदी से बाहर निकाल लिया। करीब 3:12 बजे युवक को घायल और रक्तस्राव की स्थिति में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। मौके पर मौजूद जिला आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान हिमांशु (25 वर्ष) निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। एनडीआरएफ और सिविल प्रशासन के संयुक्त समन्वय से चलाए गए इस अभियान में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। एनडीआरएफ की सतर्कता और प्रशिक्षित टीम की मुस्तैदी से युवक की जान बचाई जा सकी।

एनडीआरएफ ने आमजन से अपील की है कि गंगा नदी और अन्य जल स्रोतों के किनारे अत्यधिक सावधानी बरतें तथा सुरक्षा मानकों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!