हरिद्वार। सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद सतीघाट पर फायरिंग तक पहुंच गया। युवक पर तमंचे से फायर कर हत्या के प्रयास के मामले में कनखल कोतवाली पुलिस ने पिल्ला गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में युवक बाल-बाल बच गया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात कनखल कोतवाली क्षेत्र के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वादी के पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान युवक को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया गया। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बच गया।घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सतीघाट पर सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर हुए विवाद में युवक पर तमंचे से फायरिंग की गई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन राजपूत पुत्र रूपचंद्र निवासी लोधामंडी, राजघाट, कनखल, गौतम सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बैरागी कैंप, कनखल और मनीष कुमार पुत्र महेंद्र सिंह निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल के रूप में हुई है।

पुलिस टीम में कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!