सड़क पर स्टंट व हूटरबाजी करने वाले युवकों पर ज्वालापुर पुलिस का शिकंजा, 5 कारें की सीज

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर ज्वालापुर पुलिस ने सड़क पर स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पांच चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस ने वाहन चालकों को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की चेतावनी भी दी है।

जानकारी के अनुसार हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ युवक कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर हूटर बजाते हुए सड़क पर हुड़दंग मचाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में युवक यातायात नियमों की अनदेखी कर अपनी और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालते नजर आए।

मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में पता चला कि वायरल वीडियो 18 जून का है और सराय रोड क्षेत्र में शादी समारोह में जाते समय युवकों द्वारा यह हरकत की गई थी। स्थानीय लोगों द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह।

प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर संबंधित वाहनों और युवकों की पहचान कर उन्हें कोतवाली बुलाया।

सत्यापन के उपरांत पांचों वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। साथ ही वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की गई।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी, हूटर का दुरुपयोग और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने युवकों एवं उनके अभिभावकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!