हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने वाहन चोरी की दो बड़ी घटनाओं का महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की इको वैन और छोटा हाथी लोडर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी कई वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, यमुनानगर हरियाणा निवासी देशराज की इको वैन बीती 21 जून को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से चोरी हो गई थी। वहीं, आर्यनगर निवासी जुगल किशोर सिंह का छोटा हाथी लोडर 22 जून को सब्जी मंडी क्षेत्र से चोरी कर लिया गया था। दोनों मामलों में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को सफलता उस समय मिली जब मुखबिर की सूचना पर रेगुलेटर पुल क्षेत्र से फरमान पुत्र निसार निवासी कैथवाड़ा, बकरा मार्केट, ज्वालापुर को चोरी किए गए छोटा हाथी लोडर के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों वाहन चोरी की वारदातों को कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने यदव पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की इको स्पोर्ट कार भी बरामद कर ली। इसके अलावा कार से चोरी हुआ एक लावा कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ वाहन चोरी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
आपराधिक इतिहास
1-मु0अ0स-88/2023 धारा 379,411 भा0द0वि0
2-मु0अ0स-92/2023 धारा 379,411भा0द0वि0
3-मु0अ0स-96/2023 धारा 379,411भा0द0वि0
4-मु0अ0स-924/2023 धारा 379,411भा0द0वि0
5-मु0अ0स-925/2023 धारा 379,411भा0द0वि0
6–मु0अ0स-312/2024 धारा 379,411भा0द0वि0
पुलिस टीम में:-
चौकी प्रभारी बाजार देवेंद्र पाल सिंह
उपनिरीक्षक मनीष भंडारी
हेड कांस्टेबल संजीव राठी
कांस्टेबल दिनेश कुमार
कांस्टेबल अरुण कोटनाला
कांस्टेबल अंकुर चौधरी
कांस्टेबल देवेंद्र कुमार
