बिजली चोरों पर ऊर्जा निगम का शिकंजा, 17 घरों में पकड़ी गई चोरी, जुर्माने व एफआईआर की कार्रवाई

हरिद्वार। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान लगातार जारी है। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर जगजीतपुर उपखंड की टीम ने तीन गांवों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर 17 घरों में बिजली चोरी पकड़ ली। सभी आरोपियों के खिलाफ विभागीय जुर्माना लगाने के साथ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मंगलवार और बुधवार को एसडीओ अमित तोमर के नेतृत्व में उपखंड जगजीतपुर की टीम ने ग्राम कटारपुर, फेरुपुर और इक्कड़ खुर्द में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न घरेलू परिसरों की जांच की गई, जिसमें 17 उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पाए गए।

ऊर्जा निगम की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी मामलों में विभागीय आकलन (जुर्माना) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी भेज दी गई है।

एसडीओ अमित तोमर ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें। बिजली चोरी पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान में जेई वरुण प्रताप, जेई प्रीति जिंटा समेत ऊर्जा निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!