हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसओ श्यामपुर नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की रकम, ठगी में प्रयुक्त एंडेवर कार, आईफोन 17 प्रो मैक्स और तंत्र-मंत्र के नाम पर इस्तेमाल किया जाने वाला मटका बरामद किया है। गिरोह का संचालन सोशल मीडिया और ‘AGHORA’ नामक यूट्यूब चैनल के जरिए किया जा रहा था।

यह है मामला, यूट्यूब वीडियो देखकर झांसे में आया पीड़ित
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार तंत्र-मंत्र और कथित ऊपरी बाधा से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए गिरोह के संपर्क में आया था। गिरोह के सदस्यों ने उसे चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने का झांसा दिया और इसके लिए 4.60 लाख रुपये का खर्च बताया। 16 जुलाई (गुरुवार) की रात करीब साढ़े नौ बजे पीड़ित को मन्नत ढाबा, चंडी माता मंदिर के पास बुलाया गया। यहां गिरोह के सदस्यों ने उसे लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा। इसी दौरान नकदी से भरा बैग अपनी एंडेवर कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही हरिद्वार पुलिस ने कस दिए शिकंजा

घटना की सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस सक्रिय हो गई। सभी पिकेट और चेक पोस्टों को अलर्ट करते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई। पीड़ित की शिकायत पर थाना श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने बॉर्डर चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग के साथ तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग का इस्तेमाल किया। एसओ श्यामपुर नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से सुराग जुटाते हुए माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से दो पुरुषों और एक महिला को दबोच लिया।
सोशल मीडिया पर ‘चमत्कार’, असल में ठगी का खेल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। ‘AGHORA’ नामक चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड किए जाते थे। इन वीडियो के माध्यम से लोगों में भय और विश्वास पैदा कर उन्हें गिरोह से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जाता था। इसके बाद पारिवारिक समस्याओं, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और अंधविश्वास से जुड़ी परेशानियों का समाधान कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये और आभूषण ठगे जाते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि वे सोशल मीडिया के जरिए लोगों को विश्वास में लेकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करते थे।

वहीं, एसओ श्यामपुर नितेश शर्मा ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जहां से उन्हें जेल भेजा जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी:-
1. मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, निवासी बिजनौर, हाल निवासी देहरादून।
2. मोन्टी जोशी पुत्र मुनेश कुमार जोशी सब्जी मंडी के पास थाना पटेलनगर निवासी देहरादून।
31 वर्षीय युवती, निवासी थैलीसैंण जनपद पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी देहरादून।
बरामदगी:-
4.55 लाख रुपये नकद
आईफोन 17 प्रो मैक्स
घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की एंडेवर कार
तंत्र-मंत्र के नाम पर इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका और ढक्कन
पीला कपड़ा, रोली और कलावा
पुलिस टीम:-
1. एसओ श्यामपुर नितेश शर्मा
2. उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल (प्रभारी चौकी चण्डीघाट)
3. अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़
4. कांस्टेबल ओमवीर सिंह
5. कांस्टेबल राहुल देव
6. कांस्टेबल मनमोहन सैनी
7. चालक कांस्टेबल मोहन सिंह रावत
8. होमगार्ड नितिन चौहान
9. महिला पीआरडी राजकुमारी
