दिलशाद अंसारी
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव स्थित प्राचीन शिवगढ़ महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या से सनसनी फैल गई। सोमवार को मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान दोनों के शव मिट्टी में दबे मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।मृतकों की पहचान सेवा गिरी और उत्तम गिरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में एक साधु की गला दबाकर हत्या किए जाने और दूसरे पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।घटना की सूचना पर सीओ लक्सर देवेंद्र नेगी, पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए।पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले तीन साधु वेशधारी मंदिर में ठहरे हुए थे। घटना के बाद से उनके लापता होने पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।फॉरेंसिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।दो साधुओं की हत्या की इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। साथ ही जंगल क्षेत्र में स्थित मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
