हरिद्वार। शहर के एक गुरुद्वारे में गाय के बछड़े को पर्याप्त दूध नहीं पिलाने और उसका शोषण कर गाय का दूध निकालने का मामला सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में नाराजगी है। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो के अनुसार गाय का दूध निकालने से पहले बछड़े को कुछ देर के लिए उसकी मां के पास दूध पीने के लिए लगाया जाता है। इसके बाद बछड़े को वहां से हटाकर गाय का दूध निकाल लिया जाता है। आरोप है कि पर्याप्त दूध नहीं मिलने के कारण बछड़ा कमजोर और कुपोषित स्थिति में पहुंच गया है। मामले को लेकर पशु प्रेमियों का कहना है कि किसी भी धार्मिक या सार्वजनिक स्थल पर पशुओं के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उनका आरोप है कि बछड़े की जरूरतों की अनदेखी कर उसका लगातार शोषण किया जा रहा है। उन्होंने ज्वालापुर पुलिस से मामले की शिकायत की है। साथ ही नगर आयुक्त से मुलाकात कर वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।
अन्नू अरोड़ा, आशुतोष, मेघा व शांता आदि ने मामले में तहरीर देते हुए कहा कि बछड़े की वर्तमान स्थिति की निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उसे पर्याप्त आहार, दूध और उचित देखभाल मिल रही है। उनका कहना है कि बेजुबान पशुओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या शोषण को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
