हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 12.57 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फीन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, उसके फरार साथी की तलाश शुरू कर दी गई है।

प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने बताया कि 31 जुलाई को गश्त के दौरान ठोकर नंबर-2 से करीब 150 मीटर आगे दुधियाबन क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनूपाल पुत्र स्व. राजपाल, निवासी वैदिक नगर-3, रायवाला (देहरादून) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.57 ग्राम अवैध स्मैक (मॉर्फीन) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक अपने एक साथी से बेचने के लिए लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है जबकि फरार साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, कांस्टेबल संदीप नेगी और कांस्टेबल पवन सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
