हरिद्वार। पारिवारिक रिश्तों के बीच स्कूटी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। एक युवक ने अपने सगे भाई, भाभी और भतीजे पर स्कूटी वापस न करने, अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ निवासी रोहित तिवारी ने शिकायत में बताया कि 15 फरवरी को उनके भाई आशीष तिवारी और भाभी श्वेता तिवारी ज्वालापुर जाने के लिए उनकी एक्टिवा स्कूटी ले गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि स्कूटी अस्थायी रूप से देने के बावजूद उसे आज तक वापस नहीं किया गया। कई बार मांगने पर भी आरोपित टालमटोल करते रहे। रोहित तिवारी का कहना है कि 20 फरवरी को स्कूटी के संबंध में हुई फोन पर बातचीत के दौरान श्वेता तिवारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। शिकायत के मुताबिक एक जून को भूपतवाला स्थित मकान पर पहुंचने के दौरान उन्होंने दोबारा अपनी स्कूटी वापस मांगी। आरोप है कि इस पर आशीष तिवारी, श्वेता तिवारी और उनके पुत्र ऋतिक तिवारी ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान एक किरायेदार भी मौके पर मौजूद था। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि लगातार मिल रही धमकियों से वह और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
