कामयाबी: कांवड़ मेले के बीच चोरों पर रानीपुर पुलिस का शिकंजा, दो घरों के ताले तोड़कर जेवर उड़ाने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच रानीपुर पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो मकानों में हुई चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों के कब्जे से जेवरात बेचकर मिली पांच लाख रुपये की नकदी, चोरी हुए दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल टैम्पो बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी चोरी समेत कई आपराधिक मामलों में अपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर ए-20 में स्वर्गीय राजेन्द्र पाल के मकान समेत दो घरों में चोरी की वारदात हुई थी। चोर मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और अन्य सामान ले गए थे। घटना के संबंध में चार अगस्त को रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी के पर्यवेक्षक में प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। वहीं सीआईयू हरिद्वार को तकनीकी सहायता और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

सीसीटीवी से मिला टैम्पो का सुराग

जांच के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल एक टैम्पो के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके बाद पुलिस और सीआईयू की टीमों ने टैम्पो तथा संदिग्ध आरोपियों की तलाश में हरिद्वार के अलावा अन्य जनपदों में भी दबिश देना शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद सात अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में इस्तेमाल टैम्पो बीएचईएल क्षेत्र की ओर आ रहा है। प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर भंडारी व एसएसआई नंद किशोर ग्वाडी के नेतृत्व में चेकिंग के दौरान बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर जाने वाले तिराहे से पुलिस टीम ने नीले रंग के टैम्पो के साथ अक्षय उर्फ गोलू को दबोच लिया। उसके कब्जे से स्वर्गीय राजेन्द्र पाल के नाम का पुलिस कार्ड भी बरामद हुआ। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टैम्पो को भी जब्त कर लिया।

पूछताछ में खुली पूरी वारदात की परतें

पुलिस की पूछताछ में अक्षय ने अपने दो साथियों सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी ने बताया कि तीनों 29 जुलाई की शाम टैम्पो से टिहरी विस्थापित कॉलोनी पहुंचे थे। वहां एक मकान का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद पास के दूसरे मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से सोने के जेवरात चोरी कर लिए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए जेवरात को अगले दिन धामपुर में एक चलते-फिरते व्यापारी को पांच लाख रुपये में बेच दिया था। इसके बाद रकम बांटने के लिए तीनों आरोपी अक्षय के रावली महदूद स्थित कमरे पर पहुंचे थे।

कमरे से पांच लाख रुपये और दस्तावेज बरामद

अक्षय की निशानदेही पर पुलिस टीम रावली महदूद में डैन्सो चौक के पास स्थित कमरे तक पहुंची, जहां से उसके दोनों साथी सोनू सैनी और सोनू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, स्वर्गीय राजेन्द्र पाल का पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद पांच लाख रुपये चोरी किए गए जेवरात की बिक्री से प्राप्त रकम है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय उर्फ गोलू के खिलाफ हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में चोरी समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सोनू सैनी के खिलाफ बिजनौर, नगीना और कोटद्वार में चोरी, नकबजनी और शस्त्र अधिनियम समेत सात मुकदमे दर्ज है। तीनों को कोर्ट में पेश करने की तेयारी की जा रही है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी।

बरामदगी

₹5 लाख नकद, चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त रकम

वारदात में प्रयुक्त टैम्पो

स्वर्गीय राजेन्द्र पाल का पुलिस कार्ड

पैन कार्ड

आधार कार्ड

पुलिस टीम:-

1- प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी

2- व0उ0नि0 नन्दकिशोर ग्वाडी

3- उ0नि0 चरण सिंह चौहान (प्रभारी चौकी गैस प्लांट)

4- उ0नि0 राहुल थापा

5- अ0उ0नि0 सुबोध घिल्डियाल

6- का0 करम तोमर

7- का0 गम्भीर तोमर

8- का0 प्रेम दानू

9- का0 अजय

10- का0 विजयपाल

11- का0 दिग्पाल सिंह

12- का0 अर्जुन रावत

सी0आई0यू0 टीम:-

1- निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रभारी

2- का0 वसीम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!