नई टिहरी। नरेंद्रनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। आरोपियों के कब्जे से हिमाचल प्रदेश के सोलन से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। घटना में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जम्मू रवाना की गई है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान टिहरी गढ़वाल, ऋषिकेश, रानीपोखरी, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, यमुनानगर, सोलन, हल्द्वानी समेत कई स्थानों के 1100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम जम्मू भेजी गई है।

मामले की विवेचना चौकी प्रभारी प्लास्डा सत्येन्द्र सिंह नेगी, द्वारा प्रारम्भ की गई थी। पुलिस के अनुसार चार सितंबर को सौरभ धमान्दा निवासी वार्ड नंबर दो, दीवान लॉज, नरेंद्रनगर ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चोरी होने की सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने एक सितंबर को हिमाचल प्रदेश के सोलन स्थित धर्मपुर से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद इसी बाइक से चंडीगढ़, हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचे। ऋषिकेश में रेकी करने के बाद चार सितंबर की सुबह रानीपोखरी के जंगल वाले रास्ते से नरेंद्रनगर पहुंचे। उस समय क्षेत्र में हो रही तेज बारिश और घने कोहरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए।

वारदात के बाद आरोपी चोरी के आभूषण बेचने के लिए हरिद्वार, सहारनपुर, अंबाला, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, दिल्ली, हल्द्वानी और नैनीताल समेत कई स्थानों पर घूमते रहे। हालांकि उचित कीमत नहीं मिलने के कारण वह चोरी का माल बेच नहीं पाए। घटना में प्रयुक्त बाइक को आरोपियों ने ऋषिकेश के नटराज चौक के पास छोड़ दिया था।पुलिस लगातार आरोपियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान 20 सितंबर को सूचना मिली कि आरोपी नटराज चौक के पास छोड़ी गई बाइक लेने पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने देहरादून-ऋषिकेश मार्ग स्थित फ्लाईओवर के पास वन विभाग चौकी के नजदीक घेराबंदी की। शाम करीब 7:50 बजे पुलिस ने शहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनवाज पुत्र मौ. रफी निवासी चालोग, थाना बनी, जिला कठुआ, जम्मू और जाहिद उर्फ अतीक पुत्र मौसम निवासी ढोडला जदरेली के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आरोपी मौ. रफीक पुत्र मौ. इकबाल निवासी ढोडला बन्सौली, जिला कठुआ, जम्मू फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जम्मू रवाना की गई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का हार, कान के सूई-धागा, मांग टीका, महिला अंगूठी, नथ, तीन मंगलसूत्र, झुमके और कुंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा सोलन से चोरी की गई मोटरसाइकिल, घटना के समय आरोपियों द्वारा पहनी गई लाल रंग की टोपी और काली रंग की टी-शर्ट भी बरामद की गई है।

नरेंद्रनगर कोतवाली प्रभारी  देवराज शर्मा ने बताया दोनों गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, देहरादून और टिहरी गढ़वाल में उनके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह भण्डारी, उप निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह नेगी, उप निरीक्षक आमिर खान समेत कोतवाली नरेंद्रनगर पुलिस और CIU टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!