हरिद्वार। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा, 15 नशीले इंजेक्शन और 3170 रुपये की नगदी बरामद की है। नशीले इंजेक्शन की बिक्री में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

 

एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रानीपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। सुमननगर में चेकिंग के दौरान मोहम्मद फैजान निवासी बिजनौर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 2 किलो 20 ग्राम गांजा और गांजा बेचकर कमाए गए 2000 रुपये बरामद हुए।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सलेमपुर गंदे नाले के पास नाई की दुकान चलाता है और अपने साथी से गांजा लेकर ग्राहकों को बेचता था। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।दूसरी कार्रवाई रात के समय फाउंड्री गेट से धीरवाली जाने वाली सड़क के पास हुई। यहां चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार मोहम्मद आदिल को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 15 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन और नशीले इंजेक्शन बेचकर कमाए गए 1170 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आदिल ने बताया कि वह एक व्यक्ति से 25 इंजेक्शन खरीदकर लाया था और इनमें से 10 इंजेक्शन युवकों को बेच चुका था। पुलिस कथित सप्लायर की तलाश में जुटी है।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!