हरिद्वार। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर उपखंड जगजीतपुर की टीम ने विजिलेंस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बहादरपुर जट्ट स्थित छाँगा बस्ती में 14 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने सभी मामलों में नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के लिए संबंधित थाने में शिकायत भेज दी है।
अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने बताया कि मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर पूरे डिवीजन क्षेत्र में बिजली चोरी के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत उपखंड अधिकारी रुपेश कुमार के नेतृत्व में जेई वरुण पंवार एवं विभागीय टीम ने विजिलेंस अधिकारियों के साथ मिलकर बहादरपुर जट्ट, छाँगा बस्ती में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 14 घरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पाया गया। टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज किया तथा विभागीय नियमों के तहत जुर्माने की कार्रवाई शुरू कर दी। एसडीओ रुपेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। छापेमारी अभियान के दौरान विजिलेंस टीम के सहायक अभियंता धनंजय सिंह, विकास सिंह, विजिलेंस अधिकारी अनिल कुमार, जेई अनीता काला, निरीक्षक मारुत शाह, संजीव त्यागी, सरिता शाह सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
