मंगलौर। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को मंगलौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार बीते 29 मार्च को ग्राम बिझोली निवासी अनीश की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी बढ़ाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर भगवान महर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को वांछित सुलेमान पुत्र रशीद निवासी ग्राम बिझोली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर भगवान महर ने बताया कि मुकदमे में शेष वांछित आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
