कामयाबी: फर्जी पहचान पर भारत में रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, दस्तावेज माफिया का भी पर्दाफाश!

हरिद्वार। जनपद में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को दबोच लिया। पुलिस ने इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल उसके मददगार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत 8 अप्रैल को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने वैष्णवी एन्क्लेव, रामानंद कॉलेज के पास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर महिला को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान महिला ने पहले खुद को “स्वीटी” बताया लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसका झूठ ज्यादा देर टिक नहीं सका। उसने अपनी असली पहचान सहेला बेगम निवासी कुमीला (बांग्लादेश) बताई। तलाशी में उसके पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी असलियत सामने आ गई।

जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए श्यामदास के नेटवर्क के माध्यम से वह भारत में दाखिल हुई थी। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अवैध रूप से दिल्ली और फिर हरिद्वार में छिपकर रह रही थी। इस दौरान उसने बाकायदा फर्जी भारतीय पहचान तैयार कर ली जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, भारतीय पासपोर्ट और यहां तक कि मैरिज सर्टिफिकेट भी शामिल हैं।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह।

कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि दस्तावेजों के सत्यापन में यह साफ हो गया कि यह कोई मामूली मामला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित फर्जीवाड़ा है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुट गई है। पुलिस ने आरोपी श्यामदास निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़ को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने महिला को शरण देने के साथ फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में अहम भूमिका निभाई। दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

बरामदगी:

फर्जी भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मैरिज सर्टिफिकेट समेत कई दस्तावेज बरामद हुए हैं। साथ ही बांग्लादेश का असली पासपोर्ट और नेशनल आईडी भी कब्जे में लिया गया है।

कार्रवाई करने वाली टीम:

प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी, चौकी प्रभारी बाजार उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल, महिला उप निरीक्षक सोनल रावत, कांस्टेबल मनोज डोभाल, देवेंद्र कुमार।

एलआईयू टीम:

उप निरीक्षक सुरेश शाह व हेड कांस्टेबल मंशा राम शामिल रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!