हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देशन में एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में जेई अक्षय कुमार व विभागीय टीम ने विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बकायेदारों पर कार्रवाई की।

ऊर्जा निगम की इस सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में अभियान की चर्चा बनी रही। अभियान के दौरान सीतापुर, सुभाष नगर, पीठ बाजार और मेन बाजार क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले 58 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए, जबकि विभागीय टीम ने करीब 9 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली भी की।

अभियान के दौरान ऊर्जा निगम की टीम ने उन कनेक्शनों की भी जांच की जिन्हें पहले बकाया बिल के चलते काटा जा चुका था। जांच में कई स्थानों पर कटे हुए कनेक्शनों को दोबारा अवैध रूप से जोड़कर बिजली का उपयोग करते हुए उपभोक्ता पकड़े गए।

ऐसे मामलों में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और भारी जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी और बकाया बिल न चुकाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें, अन्यथा कनेक्शन काटने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
