हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गई हैं, जिनमें 8 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी शामिल हैं। बरामद वाहनों में पांच वाहन देहरादून जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने ज्वालापुर कोतवाली में प्रेस वार्ता कर बताया कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।उन्होंने बताया कि 5 मार्च को शुभम कुमार पुत्र जहान सिंह निवासी इस्माइलखेड़ा, थाना पिरान कलियर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (UK17L-8320) 4 मार्च को ज्वालापुर स्थित ऊंचा पुल के पास महाराजा फर्नीचर के निकट से अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। इस संबंध में ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया।9 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ज्वालापुर क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात कबूल की।

एसपी सिटी अभय प्रताप ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पुरानी कांवड़ पटरी के पास एक खंडहर में छिपाकर रखे गए 8 मोटरसाइकिल और 02 स्कूटी बरामद कीं। आरोपियों ने बताया कि वे हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी कर सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे और मौका मिलने पर उन्हें बेचने की फिराक में रहते थे।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौसिन पुत्र जावेद आलम तथा गुलशन पुत्र वलीन निवासी ग्राम गढ़ोवाली, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं। मौसिन राजमिस्त्री का काम करता है जबकि गुलशन मैकेनिक है और वाहनों की जानकारी होने के कारण चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में पांच वाहन देहरादून जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेंद्र गंगवार, चौकी बाजार प्रभारी उप निरीक्षक अंकुल अग्रवाल, उप निरीक्षक मनीष भंडारी, उप निरीक्षक गंभीर तोमर, कांस्टेबल गणेश तोमर, कांस्टेबल रवि चौहान, कांस्टेबल कपिल गोला, कांस्टेबल आलोक नेगी, कांस्टेबल नितेश कुमार, कांस्टेबल मनोज डामवाल और कांस्टेबल अंकुर चौधरी शामिल रहे।प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह , सीओ ज्वालापुर संजय चौहान, आदि मौजूद रहे।
